हरिशंकर साहनीृ, बखिरा। कभी जिस परिवार की रोजी-रोटी बखिरा झील में मछली मारने से चलती थी, आज उसी परिवार की पहचान पत्तल फैक्ट्री से बन रही है। नगर पंचायत बखिरा के झील किनारे स्थित शनिचरा निवासी गोविंद निषाद ने पुश्तैनी मछली के कारोबार को छोड़कर स्वरोजगार की राह चुनी। अपनी मेहनत और हौसले के दम पर उन्होंने बखिरा के मेड़रापार में पत्तल बनाने की फैक्ट्री स्थापित की और आज इससे अच्छी आमदनी कर रहे हैं। साथ ही कई लोगों को रोजगार भी दे रहे है।
शनिचरा निवासी गोविंद निषाद का परिवार कई पीढ़ियों से मछली पकड़ने का काम करता आ रहा था। उनके दादा पियारे निषाद के बाद बाबा और परिवार की अन्य पीढ़ियों ने भी इसी पेशे को अपनाकर परिवार का भरण-पोषण किया। गोविंद ने भी शुरुआत में परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मछली पकड़ने का काम किया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और बीए की डिग्री हासिल की।
पढ़ाई पूरी करने के बाद गोविंद ने परंपरागत कारोबार से आगे बढ़कर कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने मछली के कारोबार को छोड़कर बखिरा के मेड़रापार में पत्तल बनाने की फैक्ट्री स्थापित कर दी। इस काम के लिए उन्हें सरकार की ओर से अनुदान भी मिला। इसके बाद उन्होंने अपने कारोबार को आगे बढ़ाया। आज पत्तल फैक्ट्री उनके लिए अच्छी आमदनी का जरिया बन गई है।
