उतरौला। बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल की इटईमैदा इकाई में शुक्रवार को नए पेराई सत्र का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर मिल प्रबंधन की ओर से चीनी मिल को सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले 12 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इकाई प्रमुख श्याम सिंह के नेतृत्व में चीनी मिल के सभी अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नए पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना करते हुए हवन में आहुतियां अर्पित की गईं।
इस अवसर पर इकाई प्रमुख श्याम सिंह ने कहा कि चीनी मिल के सफल संचालन में गन्ना किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मिल प्रबंधन और किसानों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सहयोग से ही पेराई सत्र का सुचारु संचालन संभव है। उन्होंने किसानों से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण गन्ने की नियमित आपूर्ति करने की अपील की।
कार्यक्रम में चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना दिनेश शर्मा, एचआर हेड बृजेश चंद्र मंडल, कारपोरेट कम्युनिकेशन हेड केपी सिंह, सहकारी गन्ना विकास समिति बलरामपुर के अध्यक्ष रणवीर सिंह उर्फ रन्नू, सहकारी गन्ना विकास समिति उतरौला के अध्यक्ष तोता राम वर्मा, सहकारी गन्ना समिति विक्रमजोत के पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह, गयासुद्दीन खां, अतीक अहमद, अनूप गुप्ता और चंद्र प्रकाश पांडेय सहित सभी गन्ना समितियों के सचिव मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और किसानों ने नए पेराई सत्र की सफलता की कामना की।
