गोंडा जिले के नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर थाना क्षेत्र के परसिया गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि उनका सात वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के बहादुरा के नवडिहवा गांव के रहने वाले राजू भारती अपने सात वर्षीय बेटे निखिल भारती के साथ परसिया गांव में रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात पिता-पुत्र बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर परसिया गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
