सुल्तानपुर। गांवों की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की समयसीमा बीत गई, लेकिन जिले में अभियान का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। बजट की कमी के चलते लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) 189.20 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत नहीं करा पाया। वहीं, जिला पंचायत और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की 62 सड़कों पर काम शुरू तक नहीं हुआ। ऐसे में ग्रामीणों को बदहाल रास्तों से आवागमन करना पड़ रहा है।
गड्ढामुक्त अभियान के तहत पीडब्ल्यूडी की 638.20 किलोमीटर सड़कें शामिल की गई थीं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इनमें से 449 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई गई है। करीब 70 फीसदी लक्ष्य ही पूरा हो सका। शेष 189.20 किलोमीटर सड़कों पर मरम्मत का काम बाकी है। विभाग ने इसके लिए 1071.05 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन महज 194.14 लाख रुपये ही मिले। सीमित बजट के कारण अभियान की रफ्तार प्रभावित हुई।
मांग के मुकाबले 18 फीसदी बजट मिला
अधिशासी अभियंता रवींद्र आर्या ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए 1071.05 लाख रुपये मांगे गए थे। इसके सापेक्ष 194.14 लाख रुपये ही जारी हुए। उपलब्ध धनराशि से 449 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई गई है। शेष कार्य अतिरिक्त बजट मिलने पर कराया जाएगा।
18 लाख से 20 सड़कों की मरम्मत
शहरी क्षेत्र में नगर पालिका ने 18 लाख रुपये खर्च कर 20 सड़कों पर पैचवर्क और मरम्मत का काम पूरा कराया है। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज के मुताबिक, इससे इन मार्गों पर आवागमन में लोगों को राहत मिली है। हालांकि, जिले के अन्य नगर निकायों में सड़कों की मरम्मत पर खर्च का ब्योरा उपलब्ध नहीं हो सका।
62 ग्रामीण सड़कों पर काम शुरू नहीं
जिला पंचायत की 43 और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा प्रखंड की 19 सड़कें अभियान में शामिल थीं। बजट आवंटित नहीं होने से इनकी मरम्मत शुरू नहीं हो सकी। गड्ढों से भरे इन रास्तों पर ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
बजट मिलते ही शुरू कराएंगे शेष काम
जितना बजट जारी हुआ था, उसके अनुरूप कार्य कराया गया है। अतिरिक्त धनराशि मिलते ही बाकी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी।
रवींद्र आर्या, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
