श्रावस्ती। इकौना ब्लॉक सभागार में शनिवार को समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। एलिम्को कानपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रामफेरन पांडेय ने किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि दिव्यांगता किसी बच्चे की प्रतिभा और आगे बढ़ने के संकल्प में बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कहा कि सरकार दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। सहायक उपकरण बच्चों की दैनिक गतिविधियों और पढ़ाई में सहायक होंगे।
शिविर में 12 ट्राइसाइकिल, 26 कान की मशीन, 20 व्हीलचेयर, आठ सीपी चेयर, 28 सफेद छड़ी, सात ब्रेल किट, सात सुगम्य केन और 16 टीएलएम सामग्री वितरित की गई। इस मौके पर आशुतोष पांडेय, विनय पांडेय, कृष्णमणि पांडेय, विनोद कुमार, चंद्रेश्वर और नीता सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
