आगरा के पुरानी मंडी से ताजमहल जाने वाले मार्ग पर ताजगंज क्षेत्र में महज 12 घंटे के अंदर पानी की पाइप लाइन फिर से फट गई। बृहस्पतिवार को पूरे दिन इसकी मरम्मत की गई, जिसे रात में चालू किया गया था, लेकिन 12 घंटे के बाद ही फिर से यह फट गई। इससे शाम को ताजगंज में पानी का संकट गहरा गया। तीन दिन से ताजगंज के लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।

क्षेत्रीय निवासी प्रदीप राठौर ने बताया कि मरम्मत कार्य में लापरवाही बरतने के कारण पाइप लाइन 12 घंटे बाद दोबारा फट गई। लोगों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। उन्होंने बताया कि यदि जलकल विभाग के कर्मचारी जिम्मेदारी से काम करते तो लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती। पिछले तीन दिन से लोग पानी संकट से जूझ रहे हैं।

दूसरी ओर, डीएम आवास के पीछे मोहनपुरा क्षेत्र में छावनी और नामनेर की ओर बिछी लाइन से मोहनपुरा को जोड़ने के लिए नई लाइन बिछाई गई। पार्षद हर्षित शर्मा ने बताया कि जलकल विभाग के अभियंताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन के बाद मेयर के निर्देश पर बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया था। हमने उन्हें तीन विकल्प बताए थे, जिसमें एक लाइन यहां पहले से बिछी थी, उसे जोड़ने का काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि शनिवार तक पानी का संकट दूर हो जाएगा।

नाई की मंडी में मेट्रो के कारण रहा संकट

नाई की मंडी में तीन दिन से पानी का संकट बना हुआ है। यहां गालिबपुरा, हलका मदन, नाई की मंडी, सुभाष पार्क के पीछे, तोपखाना, हवेली कबीर खान में पानी नहीं पहुंचा। मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सुभाष पार्क के पास पानी की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी मरम्मत का काम कराया गया। शुक्रवार को देर रात तक मरम्मत का काम पूरा होने का दावा किया गया, जिसके बाद शनिवार से नाई की मंडी में संकट दूर होने की उम्मीद जताई गई है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें