आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के रुद्री गांव में 19 साल पहले दशहरे के दिन हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में सोमवार को अदालत ने अहम फैसला सुनाया. 21 अक्टूबर 2007 को दिनदहाड़े पारसनाथ सिंह और तालुकदार सिंह की गोली मारकर हत्या करने तथा अन्य लोगों को घायल करने के मामले में रानी की सराय ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह समेत 8 आरोपियों को दोषी करार दिया गया है. अदालत 29 अक्टूबर को दोषियों की सजा पर फैसला सुनाएगी.
लंबे समय से चल रहे इस मुकदमे में फैसला आने के बाद कोर्ट परिसर में भारी गहमागहमी देखने को मिली. दोनों पक्षों के लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य लोग भी अदालत परिसर में जुटे रहे. इस मामले में विपिन सिंह,राजेश सिंह, बलवंत सिंह, रणजीत सिंह, पंकज सिंह, राधेश्याम सिंह, लोकनाथ सिंह, जीवनप्रकाश सिंह, शिवदास सिंह आरोपी थे. एक आरोपी की मृत्यु हो चुकी है.
सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग के बीच ओपी राजभर ने खेला बड़ा खेल, बढ़ी BJP की मुश्किल!
दोषियों को पकड़ने में जुटी पुलिस
अदालत से दोषी करार दिए जाने के बाद दोषसिद्ध लोगों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई. शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस फोर्स ने दोषियों को हिरासत में लिया. इसके बाद सभी को पुलिस वैन से इटौरा स्थित मंडलीय कारागार ले जाया गया.
19 साल पहले दशहरे की दिन की गई थी हत्या
इस मामले पर वादी के अधिवक्ता विंध्यवासिनी सिंह ने बताया कि गांव में वर्चस्व की लड़ाई और मां-बदाई से जुड़े विवाद का परिणाम था. 21 अक्टूबर 2007 को दशहरे के दिन रुद्री गांव में दिनदहाड़े हथियारों से लैस हमलावरों ने पारसनाथ सिंह और तालुकदार सिंह को निशाना बनाया था.
आरोप है कि हमलावरों ने लाइसेंसी राइफल, पिस्टल और अवैध असलहों से लैस होकर पीड़ितों को दौड़ाकर गोली मारी थी. इस घटना में दोनों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग घायल हुए थे. वारदात के बाद मामला काफी चर्चित हुआ और लंबे समय तक इसकी सुनवाई चलती रही.
अधिवक्ता विंध्यवासिनी सिंह ने बताया कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 17 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए. उनके मुताबिक, आरोपियों की ओर से मुकदमे की कार्यवाही को प्रभावित करने और सुनवाई में देरी कराने के प्रयास किए गए. कई बार हाईकोर्ट से स्थगन आदेश लेकर कार्यवाही टालने की कोशिश भी हुई, लेकिन वादी पक्ष ने न्याय की लड़ाई जारी रखी.
29 अक्टूबर को होगा सजा ऐलान
वर्षों तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर नौ आरोपियों को दोषी करार दिया.मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों को आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक की सजा हो सकती है. सजा की वास्तविक अवधि और प्रकृति का निर्णय अदालत ही करेगी. इसके लिए 29 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है.
सपा में शामिल हुए कई नेता, अखिलेश बोले- ‘पूरब और पश्चिम हिल गया है’
