आजमगढ़ जिले में दिव्यांगों को ढाल बनाकर गांजे का अवैध कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है. आजमगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिशूल के तहत 52 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वरलाल गुर्जर के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. 26 नवंबर को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जहानागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी.
UP SIR पर सीएम योगी सच बोल रहे या निर्वाचन आयोग? अखिलेश यादव ने पूछे ये सवाल
पुलिस ने तस्कर के पास से 52 किलोग्राम गांजा किया बरामद
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सीही में निर्माणाधीन बाउंड्री और बबूल के पेड़ के पास मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पांच बंडलों में कुल 52 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से बृजेश राजभर उर्फ धरमू राजभर उम्र 40 वर्ष, निवासी जानकीपुर, थाना तहबरपुर, आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 520 रुपये नकद भी बरामद हुए.
दिव्यांग को गांजे की पुड़िया देने पहुंचा था तस्कर
इस मामले पर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी व्यक्ति दिव्यांग व्यक्ति को गांजे की पुड़िया देने के लिए मौके पर पहुंचा था. पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से गांजे की खेप निर्धारित स्थान पर पहुंचाकर दूसरे व्यक्ति को सप्लाई करता था. गांजा प्राप्त करने वाले अन्य व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में संलिप्त रहा है अभियुक्त
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में संलिप्त रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2013 में थाना बिलरियागंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था. कार्रवाई में SOG प्रभारी संजय सिंह , थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सविन्द्र राय, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, गोविन्द सिंह, कमलेश पाण्डेय, कांस्टेबल अनुप कुमार और ऋषभ तिवारी शामिल रहे.
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना फोटो, वीडियो और लोकेशन सहित व्हाट्सएप नंबर 91518 28820 पर दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
UPPCS 2025 का रिजल्ट रद्द, क्या 6 लाख से अधिक लोगों की दोबारा परीक्षा? वकील ने बताया
