बांदा के जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि डॉक्टर के केबिन में बैठी एक नर्स ने ऑपरेशन के नाम पर मरीज से पहले 10 हजार रुपये मांगे. मरीज के आयुष्मान कार्ड होने की बात कहने पर रकम घटाकर 5 हजार रुपये कर दी गई. वहीं जिला अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक आयुष्मान कार्ड धारकों से वसूली के आरोप लग रहे हैं.

दरअसल, बांदा जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में डॉक्टर के केबिन में बैठी एक नर्स पर ऑपरेशन के नाम पर मरीज से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप है. बताया जा रहा है कि मरीज ने जब अपना आयुष्मान कार्ड होने की बात कही तो कथित तौर पर 10 हजार रुपये की मांग घटाकर 5 हजार रुपये कर दी गई.

इस मामले ने सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त इलाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि मरीजों से ऑपरेशन के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं. इससे पहले समाजसेवी प्रमोद आजाद ने मेडिकल कॉलेज में अपनी मां का इलाज कराने के दौरान रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी. शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने मामले की जांच बैठाई है. अब जिला अस्पताल का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

वायरल वीडियो

आयुष्मान कार्ड से इलाज के क्या हैं नियम

आयुष्मान कार्ड भारत सरकार हर गरीब परिवार को जारी करती है. इसके तहत कार्ड धारक परिवार को सालाना 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है. यह राशि परिवार को सभी सदस्यों के लिए साधा होती है. इसके लिए मरीज को अस्पताल में भर्ती होना जरूरी है. सामान्य ओपीडी यानी डॉक्टर को दिखाने, सामान्य जांच या बिना भर्ती हुए दवा लेने का खर्च इस योजना में शामिल नहीं है. हालांकि, इसमें कुछ डे-केयर प्रक्रियाएं कवर होती है. इन कुछ बीमारियों में 24 घंटे के लिए अस्पताल में भर्ती होना जरूरी नहीं होता है.

कहां और कैसे करें शिकायत 

आयुष्मान भारत योजना में किसी गड़बड़ी के खिलाफ आप टोल फ्री नंबर पर सीधे शिकायत कर सकते हैं. सरकार ने आयुष्मान भारत हेल्पलाइन नंबर 14555 दिया है. इस नंबर पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति संबंधित अस्पताल की शिकायत कर सकते हैं. इसमें इलाज से इनकार करने, पैसे मांगने की बात भी शामिल है. इसके अलावा आयुष्मान पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है. पोर्टल पर रिजिस्टर योर ग्रिव्यांस का विकल्प दिया हुआ है. शिकायत दर्ज होने पर यूनिक शिकायत नंबर मिलता है. इस नंबर से भविष्य में शिकायत पर हुई कार्रवाई की आप जानकारी ले सकते हैं. जिला स्तर पर आप आयुष्मान भारत के जिला शिकायत नोडल अधिकारी के पास भी शिकायत कर सकते हैं.

इलाज की क्या है प्रक्रिया

  1. आयुष्मान कार्ड लेकर पहले रजिस्टर्ड अस्पताल जाएं.
  2. वहां आयुष्मान सहायता केंद्र पर कार्ड और पहचान पत्र सौंपे.
  3. अस्पताल बीमारी के हिसाब से इलाज का पैकेज तय करेगा.
  4. इसके बाद अस्पताल योजना के तहत इलाज की अनुमति लेगा.
  5. मंजूरी के बाद आपका इलाज कैशलेस होगा.

सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में इलाज

आयुष्मान योजना के तहत मरीज को निजी और सरकारी दोनों अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलती है. इतना ही नहीं मरीज अपने राज्य के अलावा किसी दूसरे राज्य में कैशलेस इलाज करवा सकता है. इसके लिए राज्य की कोई सीमा नहीं है. यानी बांदा का कोई मरीज चाहे तो दिल्ली या भोपाल में भी अपने कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज करवा सकता है.

पहले से मौजूद बीमारी भी कवर

आमतौर पर किसी सामान्य निजी स्वास्थ्य बीमा में पहले से मौजूद बीमारी का इलाज नहीं मिलता है. लेकिन, आयुष्मान योजना के तहत पहले मौजूद बीमारी का भी इलाज करवाया जा सकता है. किसी असाध्य बीमारी का भी इलाज हो सकता है.



Source link