इटावा सफारी पार्क में बीमार चल रही शेरनी राधिका की सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे मौत हो गई। वह पिछले कई दिनों से बीमार थी। विशेषज्ञों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। सफारी पार्क में कुछ समय पहले एक अन्य शेरनी ने राधिका की पूंछ काट ली थी। इसके बाद राधिका खुद भी अपनी पूंछ को काटने लगी थी।
संक्रमण और उसे सुरक्षित रखने के लिए नौ जुलाई को उसकी पूंछ का प्रभावित हिस्सा काटकर छोटा किया गया था। इसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी। पिछले पांच दिनों से राधिका ने खाना पूरी तरह छोड़ दिया था। वह केवल पानी और चिकन सूप ले रही थी। सफारी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर उसका लगातार उपचार किया जा रहा था। इसके बावजूद सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उसने दम तोड़ दिया। शेरनी राधिका को वर्ष 2019 में गुजरात से इटावा सफारी पार्क लाया गया था। उसकी मौत की खबर से सफारी प्रबंधन और वन्यजीव प्रेमियों में शोक है।
