दिनेश शाक्य, इटावा: इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पुल के पास चौपुला में स्थित एक रेस्टोरेंट को तीन अज्ञात व्यक्तियों ने निशाना बनाते हुए पेट्रोल डालकर आग लगा दी. देर रात अंजाम दी गई इस वारदात से रेस्टोरेंट में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. आग लगाने की पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
इटावा में वारदात
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नगला हरजू निवासी आनंद कुमार पुत्र श्रीकृष्ण चौपला के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पुल के निकट रेस्टोरेंट संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे. शटर खोलकर अंदर देखा तो आग से काफी नुकसान हो चुका था.
इसके बाद जब पास की दूसरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पूरी वारदात सामने आ गई. फुटेज में तीन अज्ञात व्यक्ति रात के अंधेरे में रेस्टोरेंट के आसपास रेकी करते दिखाई दिए. इसके बाद एक व्यक्ति, जिसने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, बोतल में लाया गया पेट्रोल शटर के नीचे डालता है और आग लगाकर मौके से फरार हो जाता है.
पीड़ित आनंद कुमार ने घटना की लिखित शिकायत चौबिया थाने में देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट में आग लगाए जाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
