माधौगढ़। बचपन किड्स स्कूल परिसर में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इसमें ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने कबड्डी, दौड़, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद, सुलेख, डिस्कस और गोला फेंक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।

प्रतियोगिता का शुभारंभ बचपन किड्स के प्रबंधक दीपक शिवप्रताप सिंह, भरत लाल दीदौरिया और अमित गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के तहत 50 मीटर बालक दौड़ में अयान सरावन प्रथम और सौरभ कुरसेड़ा द्वितीय रहे। 100 मीटर बालक दौड़ में साहिल कुरसेड़ा ने प्रथम और आशू बिजदुआं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में राधिका कुरसेड़ा प्रथम और मोहनी चितौरा द्वितीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में प्रज्ञा चितौरा प्रथम और अनुष्का रामहेतपुरा द्वितीय रहीं।

जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राधिका कुरसेड़ा प्रथम और मोहनी चितौरा द्वितीय रहीं। जूनियर बालक वर्ग में सौरभ कुरसेड़ा प्रथम और सौरभ गौतम कुरसेड़ा द्वितीय रहे। खो-खो प्रतियोगिता में सरावन की टीम ने पहला और बिजदुआं की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।

सुलेख प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में शिविका गढ़िया प्रथम, काव्या वाजपेई गढ़िया द्वितीय और आर्यन चौहान चितौरा तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में काव्या गढ़िया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक के बालक वर्ग में अयान सरावन प्रथम और आशु बिजदुआं द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में मालती बिजदुआं प्रथम और कोमल कुरसेड़ा द्वितीय रहीं।

विशिष्ट अतिथि दीपक शिवप्रताप सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में छिपी प्रतिभा निखरती है। एवीआरसी योगेश कुमार सिंह और अमित गुप्ता ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर चयनित होकर आए 200 से अधिक बच्चों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 30 नवंबर और एक दिसंबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

इस दौरान अवधेश सिंह, राहुल निरंजन, कुलदीप सिंह, नृपेंद्र सिंह और रामकुमार हिंगवासिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में उत्तम, संदीप, अशोक साहू और सुनील पाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

फोटो -04 बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते छात्र। संवाद

फोटो -04 बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते छात्र। संवाद



Source link