जागरण संवाददाता, मैनपुरी। भोगांव क्षेत्र के गांव गिंगौरा में शुक्रवार देर शाम घर के बाहर खूंटे से बंधी भैंस खोलते समय मधुमक्खियों ने 45 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के लगातार काटने से महिला का पूरा शरीर सूज गया। स्वजन उन्हें सीएचसी भोगांव ले गए, जहां से उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में कुछ देर चले इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए हैं।
बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव घर ले गए स्वजन
गांव गिगौरा गांव निवासी रजनीश पाल की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता पाल रेलवे स्टेशन के पास रहती थीं। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह घर के पास बंधी अपनी भैंस को खोलने गई थीं। तभी पास में लगे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकल आया। इससे पहले कि सुनीता कुछ समझ पातीं, तब तक मधुमक्खियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।
झुंड के लगातार डंक मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें मधुमक्खियों से बचाया।
घर के पास बंधी भैंस खोलते समय हुआ हादसा
स्वजन उन्हें तत्काल भोगांव सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुछ देर चले इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार मधुमक्खियों के डंक से महिला की हालत बेहद गंभीर हो गई थी और उनका पूरा शरीर सूज गया था। महिला की मृत्यु से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
