हाथरस (उप्र), 26 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बृहस्पतिवार को मिनी ट्रक और इलेक्ट्रिक ऑटोरिक्शा की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब छह बजे सासनी कोतवाली क्षेत्र के समामई गांव के पास अलीगढ़ से हाथरस की ओर आ रहे एक इलेक्ट्रिक ऑटोरिक्शा की विपरीत दिशा से आ रहे एक मिनी ट्रक से टक्कर हो गयी।
उन्होंने बताया कि हादसे में अश्विनी (16), चंद्रपाल (65) और ओमकार (48) नामक व्यक्तियों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल विनीता, उनके बेटे लक्ष्य और आदिल को सासनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद विनीता और लक्ष्य को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि आदिल को हाथरस के जिला बागला अस्पताल भेजा गया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में शामिल अश्विनी होनहार क्रिकेट खिलाड़ी था।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि टक्कर मारने वाले मिनी ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब
