जागरण संवाददाता, इटावा। कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली नई नियमित ट्रेन का सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर सेंट्रल पर आयोजित समारोह में वर्चुअल उद्घाटन किया। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन शाम 5:17 बजे इटावा जंक्शन पहुंची। यहां से 600 से अधिक यात्रियों ने दिल्ली और अन्य स्थानों के लिए सफर किया, लेकिन ट्रेन के स्वागत के लिए कोई जनप्रतिनिधि या रेलवे अधिकारी मौजूद नहीं रहा।
कानपुर और आनंद विहार के बीच ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को इसका उद्घाटन किया गया। फूलों से सजी ट्रेन को देखने के लिए स्टेशन पर काफी लोग पहुंचे।
युवाओं ने ट्रेन के साथ सेल्फी भी ली। ट्रेन के पहुंचने से पहले टीआई प्रशांत तिवारी, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। उनकी निगरानी में यात्रियों को ट्रेन में सवार कराया गया।
19 नवंबर से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा। गाड़ी संख्या 14153 कानपुर से रात 8:40 बजे चलकर 10:38 बजे इटावा पहुंचेगी और सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 14154 रात 11:25 बजे आनंद विहार से चलकर सुबह 4:20 बजे इटावा और 7:25 बजे कानपुर पहुंचेगी।
