मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार की सुबह काशी पहुंचे। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर परिसर में क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम को देखा और डीएम सत्येंद्र कुमार व मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा से पूरी व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद कैंट स्थित होटल रमाडा में उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सहयोग सम्मेलन में हिस्सा लिया। यहां उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी के सामने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट के बीच एमओयू हुआ। दोनों ट्रस्ट ओडीओपी उत्पादों के क्षेत्र में एक साथ आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम अच्छा है। इसी तरह का प्रबंधन हम सिंहस्थ के दौरान भी चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने मंदिर की एसओपी को करीब एक घंटे तक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से समझा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सिंहस्थ के आयोजन के लिए हर तरह के प्रबंधन की तैयारियां चल रही है। प्रयागराज में ऐतिहासिक महाकुंभ के आयोजन की व्यवस्थाओं के अध्ययन से सिंहस्थ के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
