खास खबर

फोटो-04 – फतेहपुर रेलवे स्टेशन।

– सतनरैनी से करबिगवां के बीच चल रहा ओएचई लाइन रूपांतरण का कार्य

– नींव भरने का कार्य हुआ पूर्ण, अब लगाए जाएंगे खंभे

संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अब जल्द ही लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचलान में आ रहीं दिक्कतें खत्म होंगी। आए दिन रूट व्यस्त रहने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों को आउटर पर रोक दिया जाता है। संसाधन दुरुस्त होने से अब ट्रेनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगेगी। फतेहपुर स्टेशन पर सतनरैनी से करबिगवां के बीच ओएचई ((ओवर हेड इक्यूप्मेंट) लाइन रूपांतरण का कार्य चल रहा है। खंभे लगाने के लिए खुदाई और नींव भराई का काम लगभग पूरा हो गया। अब लाइन के उपकरणों को बदलने के साथ खंभे लगाने का काम शुरू होगा।

गाजियाबाद से पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन (मुगलसरांय) के बीच 2020 में ट्रेन की रफ्तार बढ़ाने के लिए ओएचई (ओवर हेड इक्यूप्मेंट) लाइन रूपांतरण का काम शुरू हुआ। काम को दो सेक्शन में विभक्त किया गया। इसमें गाजियाबाद से चकेरी कानपुर तक ओएचई लाइन रुपांतरण एक सेक्शन में कार्य चल रहा है। जबकि दूसरे सेक्शन में चकेरी से पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन के बीच रूपांतरण काम हो रहा है।

दूसरे सेक्शन के तहत ही फतेहपुर क्षेत्र में सतनरैनी से लेकर करबिगवां के बीच खुदाई और नींव भराई का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। वहीं अब मास्ट, फीडर तार, एईसी तार और बीईसी तार को बदलने काम जल्द शुरू होगा। इसके अलावा लाइन को साधने के लिए नए खंभे लगाए जाएंगे। उम्मीद है कि मार्च तक कार्य पूर्ण हो जाएगा और स्टेशन से 160 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन गुजरेंगी। इस रूट पर अभी 130 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन गुजर रही हैं।

लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए होगी सुविधा

रखरखाव के काम के चलते और अन्य सुपरफास्ट ट्रेन को पास देेने में स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेन अक्सर लेट जाती हैं। रोजाना यात्रियों के लिए यह समस्या बनी रहती है। स्पीड बढ़ने के बाद यह समस्या कम होगी और यात्रियों को भी सुविधा होगी।

टीआरडी विभाग तेजी से कर रहा कार्य

ओएचई लाइन के रख-रखाव और रूपांतरण कार्य की देखरेख रेलवे के टीआरडी(ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन डिपार्टमेंट) के जिम्मे है। ओएचई लाइन के रूपांतरण का कार्य टीआडी तेजी से कर रहा है। शुक्रवार को रसूलाबाद स्टेशन से कुछ उपकरण फतेहपुर स्टेशन के लिए भी भेजे गए हैं।

कोट

ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए ओएचई लाइन रुपांतरण का कार्य चल रहा है। खंभे लगाने के लिए खुदाई और नींव भरने का काम 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। अब खंभे लगाए जाएंगे। – सोनू सिंह, कार्यवाहक इंचार्ज, रेलवे टीआरडी विभाग, फतेहपुर।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *