Agra Two More Blood Banks Suspended After Serious Inspection Irregularities

खून
– फोटो : Freepik.com

विस्तार

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) आयुक्त के निर्देश पर हुई जांच में आगरा के दो और ब्लड बैंकों में भारी कमी मिली है। रक्त की जांच और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई है। बिना डॉक्टर और प्रशिक्षित टेक्नीशियन के ही जांच की जा रही थी। ऐसे में दो और चैरिटेबल ब्लड बैंक पर रोक लगा दी गई है। इससे पहले भी दो ब्लड बैंकों पर कार्रवाई हो चुकी है।


लखनऊ मुख्यालय से बनी विशेष टीमों ने शहर के दो ब्लड बैंकों में एचआईवी, हेपेटाइटिस, सिफलिस समेत अन्य गंभीर बीमारियों में अनिवार्य जांच के लिए एलाइजा जांच की व्यवस्था, प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ समेत कई बिंदुओं पर जांच की। ग्रामीण भारत चैरिटेबल ब्लड सेंटर में मेडिकल ऑफिसर और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ नहीं मिला। डोनर एवं इश्यू रजिस्टर अधूरे थे। स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं होने के साथ आपातकालीन दवाइयों की कमी और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई।

वहीं जय श्री श्याम चैरिटेबल ब्लड सेंटर में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा था। रक्त की जांच और अन्य रिकॉर्ड में छेड़छाड़ पाई गई। एफेरेसिस से संबंधित दस्तावेज भी अधूरे मिले। इसके बाद दोनों ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक लगा दी गई। इससे पहले आगरा के जय हिंद चैरिटेबल ब्लड बैंक और श्री बालाजी ब्लड बैंक के संचालन पर भी रोक लगाई थी।

सहायक आयुक्त औषधि अरविंद गुप्ता ने बताया कि लखनऊ के मुख्यालय से विशेष टीम ब्लड बैंक की जांच कर रही है। गड़बड़ी मिलने पर मुख्यालय स्तर से ही कार्रवाई भी हो रही है।



Source link