{“_id”:”6af29be3d7b3780db00a1192″,”slug”:”diwali-rush-trains-packed-as-passengers-struggle-for-seats-many-forced-to-travel-on-floors-2026-11-10″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”छुट्टियां खत्म: काम पर लौटने की जल्दबाजी, ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी; फर्श पर बैठकर हो रहा सफर”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
दिवाली का त्योहार मनाकर काम पर लौटने वालों की भीड़ से सोमवार को रेलवे स्टेशन और बस अड्डे अटे रहे। दिल्ली-एनसीआर समेत दूसरे शहरों में नौकरी करने वालों की छुट्टियां खत्म होने के साथ ही वापसी की मारामारी शुरू हो गई। ट्रेनों में सीटें फुल होने से यात्रियों को जगह नहीं मिली। कोई पायदान पर तो कोई कोच के फर्श पर बैठकर सफर करता नजर आया।
कैंट के प्लेटफाॅर्म नं एक पर यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई( प्लेटफाॅर्म दो पर दोपहर 12.10 बजे जैसे ही पातालकोट एक्सप्रेस आई तो यात्रियों की भीड़ टूट पड़ी। हर कोई सीट पाने को बेताब दिख। वहीं शाम 5.20 बजे प्लेटफाॅर्म चार पर झेलम एक्सप्रेस आई तो कमोबेश यही स्थिति नजर आई। इसके अलावा अन्य ट्रेनों में भी यही स्थिति दिखी स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों में धक्कामुक्की होने लगी। कोच के प्रवेश द्वार पर भीड़ जमा हो गई। जनरल और स्लीपर कोच एक जैसे नजर आए। सीट नहीं मिलने पर यात्री शौचालय के पास और सीटों के बीच खाली जगह में बैठकर सफर करते नजर आए।
हालांकि भाई दूज और गोवर्धन पूजा का त्योहार अभी बाकी है, लेकिन निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को लंबी छुट्टी नहीं मिल पाती। दिवाली से पहले घर आए लोगों को अब समय से काम पर पहुंचना है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद भीड़ से राहत नहीं मिली है। वेटिंग लिस्ट बढ़ने से कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। बस अड्डों पर भी दूसरे शहरों को जाने वाले यात्रियों को बसों में जगह पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों के भीड़ को देखते हुए 71 स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। अन्य अनारक्षित ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जिससे प्लेटफार्म पर दबाव न पड़े। आरपीएफ की शिफ्ट वाइज ड्यूटी प्लेटफार्म पर लगाई गई है। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न होने पाए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी प्लेटफार्म पर निगरानी की जा रही है।

