नवाबगंज। नगर पंचायत नवाबगंज की ओर से अस्पताल रोड से रामलीला मैदान तक पेयजल की पाइपलाइन डालने का कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक व्यक्ति ने पाइपलाइन डालने वाले स्थान को अपनी निजी जमीन बताते हुए कार्य रुकवा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर रामलीला मैदान के पास रहने वाले मोहल्लेवासियों में नाराजगी फैल गई।

मोहल्ले के सर्वेश कुमार सहित कई लोग महिलाओं के साथ नवाबगंज थाने पहुंचे और थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार से मामले की शिकायत की। मोहल्लेवासियों ने बताया कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (सीएम पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद नगर पंचायत की ओर से अस्पताल रोड से रामलीला मैदान तक पानी की पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू कराया गया था।

आरोप है कि रास्ते में एक व्यक्ति ने जमीन को अपनी बताते हुए पाइपलाइन डालने का कार्य रुकवा दिया, जिससे मोहल्ले में पानी की समस्या का समाधान अटक गया है।

शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी ने सिपाही कमल किशोर और अनिल शर्मा को मौके पर भेजा। दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोहल्लेवासियों से जानकारी ली। इसके साथ ही जमीन पर अपना अधिकार बता रहे व्यक्ति से भी पूछताछ की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर अपनी-अपनी बात रखने को कहा। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और अपनी समस्याएं बताईं।



Source link