जागरण संवाददाता, जौनपुर। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद के विकास कार्यों वं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा कराया जाए।
केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि खराब व जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदला जाए व ओवरलोडिंग वाले स्थानों पर क्षमता वृद्धि की जाए।
गलत बिलिंग के माध्यम से उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसानों को खेती-किसानी और सिंचाई के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
स्पष्ट किया कि सड़कों को पूर्व स्थिति में लाना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मंडी व सड़क निर्माण के लंबित कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय पर पूरा करने को कहा गया। उपमुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ब्लॉक, थाना व तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
राजस्व विवादों का पुलिस व राजस्व टीम के समन्वय से निस्तारण कराने और दूर-दराज से आने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण पर जोर दिया। बैठक से पूर्व उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित अन्य मौजूद रहे। इससे पूर्व पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, मछलीशहर भाजपा जिलाध्यक्ष डा. अजय सिंह सहित अन्य ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
