संवाद सूत्र, सिसौली (मुजफ्फरनगर)। गांव सदरूद्दीन नगर निवासी अनिल वर्मा अपने पुत्र जयदेव जय वर्मा व अपनी पुत्र वधू डेनमार्क निवासी क्लारा यनशन के साथ अपने गांव पहुंचे। गांव पहुंचकर वहां उन्होंने अपनी संस्कृति, खेत, खलिहान, ट्यूबवेल व अपनी मातृभूमि पर स्थित देवताओं के दर्शन कर उन पर दीपक जलाए।
सोमवार को डेनमार्क से पधारे सभी लोग सिसौली स्थित टिकैत आवास पर भी गए। जहां चौधरी नरेश टिकैत, राकेश टिकैत व गौरव टिकैत ने उनका स्वागत किया। दोपहर का भोजन भी सभी ने टिकैत आवास पर ही किया। टिकैत परिवार ने जयदेव व क्लारा को आशीर्वाद दिया।
अनिल वर्मा ने बताया कि उनके पिता ईश्वर सिंह दिल्ली पुलिस में कार्यरत थे, वह बाद में जर्मनी की एंबेसी में प्रतिनियुक्ति पर चले गए थे। अनिल वर्मा 1985 में डेनमार्क गए। वहां वह एक फार्मा कंपनी में काम कर रहे हैं। उनकी पत्नी कृष्णा वर्मा कोपनहेगन विश्वविद्यालय में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उनके पुत्र जयदेव जय वर्मा (26) डेनमार्क के कोपनहेगन में संगीत के शिक्षक हैं। जिन्होंने वहीं रहने वाली क्लारा यनशन (24) से शादी की है। वह डेनमार्क सरकार के मत्स्य विभाग में कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू के माता लिस्बत और पिता क्लाऊस यनसन भी साथ में आए हैं। इसके साथ-साथ पुत्र वधू के दादा-दादी, नाना-नानी व मामा व मौसी भी साथ आए हैं। विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति और ग्राम्य जीवन बहुत अच्छा लगा। गांव सदरूद्दीन नगर की महिलाओं ने बहू क्लारा का नेग देकर स्वागत किया।
अनिल वर्मा ने कहा कि हमारी पूजा पद्धति व खेत खलिहान से हमारे बच्चों का जुड़ाव हो, इसी उद्देश्य से इन्हें अपने गांव में लेकर आए हैं। सिसौली में चौधरी राकेश टिकैत और क्षेत्र के अन्य लोगों के स्वागत से सभी बहुत खुश हुए।
