एटा के थाना अलीगंज के सिमौर गांव में रविवार सुबह दीवार पर प्लास्टर कर रहे राजमिस्त्री की 11 हजार हाई वोल्टेज लाइन की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में 55 वर्षीय रामसरन गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें आनन-फानन निजी वाहन से सीएचसी अलीगंज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
रामसरन पुत्र दीनदयाल निवासी चमन नगरिया, मोहम्मद नगर बझेरा राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह सिमौर गांव में हरदयाल के परिवार में सचिन के यहां घर के बाहर दीवार पर प्लास्टर कर रहे थे। दीवार के बाहर से 11 हजार हाई वोल्टेज लाइन की विद्युत लाइन गुजर रही थी। काम के दौरान वह अचानक लाइन की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। मृतक के भाई विजयपाल ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर प्लास्टर का काम कराया जा रहा था, उसके बेहद नजदीक विद्युत लाइन गुजर रही थी। लाइन में करंट दौड़ रहा था, इसके बावजूद बिजली की सप्लाई बंद नहीं कराई गई और रामसरन को पाड़ पर चढ़ाकर काम कराया गया।
इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन से छू गए। करंट इतना तेज था कि उनके हाथ की त्वचा झुलस गई और उंगलियां तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। विजयपाल का कहना है कि काम शुरू कराने से पहले बिजली आपूर्ति बंद करा दी जाती तो रामसरन की जान बच सकती थी। परिवार के मुताबिक रामसरन ही घर के इकलौते मुख्य कमाने वाले थे। उनकी मौत से पत्नी सर्वेश देवी और सात बच्चों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
रामसरन के परिवार में पत्नी सर्वेश देवी के अलावा छह बेटियां और एक बेटा है। बेटा सुचित कुमार गौतम 23 वर्ष का है। बेटियों में सुजाता 30, सोनी 28, मोनी 25, गौरी 20, अन्नू 17 और नव्या 13 वर्ष की हैं। सुजाता, सोनी और मोनी विवाहित हैं। सोनी ससुराल में विवाद के चलते मायके में रह रही हैं। गौरी, अन्नू और नव्या अभी अविवाहित हैं। पति की मौत के बाद सीएचसी में सर्वेश देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शव के पास बैठकर वह बार-बार बिलखती रहीं। बच्चों के भविष्य की चिंता में डूबी सर्वेश ने कहा, “मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई है। अब बच्चों की शादी कैसे होगी।” उन्होंने भी आरोप लगाया कि बिजली लाइन में करंट होने के बावजूद सप्लाई बंद नहीं कराई गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में संबंधित पक्ष की ओर से मेमो प्राप्त हुआ है। थाना स्तर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
