झांसी। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर गुरुवार को दीनदयाल सभागार में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा की ओर से श्रद्धांजलि सभा, ‘युवनाद सम्मान’ समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं समाज, साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को युवनाद सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने आज़ाद के राष्ट्रप्रेम, त्याग और बलिदान को नमन किया।

मुख्य अतिथि महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि अगले वर्ष से झांसी नगर निगम अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती को और अधिक भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।

सांस्कृतिक संध्या ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ में कलाकारों ने देशभक्ति और बुंदेली लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक मनोज जी, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, दुष्यंत चतुर्वेदी, आध्यात्मिक वक्ता यशोदा शंकर, संजीव श्रंगीरिशी, सत्यप्रकाश शर्मा, संजय पटवारी, राशि साहू, संजय राष्ट्रवादी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन और बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।

आयोजन के संयोजक एवं समिति के सचिव कवि सुमित ओरछा ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में झांसी सहित बुंदेलखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद, कलाकार, समाजसेवी और युवा शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *