कानपुर नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया और ठेकेदारों से जुड़े मामलों की जांच कर रही एसआईटी मंगलवार को एक बार फिर अभियंत्रण कार्यालय पूछताछ के लिए पहुंची। टीम ने ब्लैकलिस्ट किए गए ठेकेदारों से जुड़ी फाइलें मंगवाकर उनकी जांच की।
.
इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से नगर निगम की पूरी टेंडर प्रक्रिया समझी। शाम को एसआईटी एक्सईएन आरके सिंह और जेई कमलेश पटेल को साथ लेकर उन ठेकेदारों के हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण करने पहुंची, जिनके खिलाफ FIR हुई है।
SIT ने समझी टेंडर प्रक्रिया
SIT के 2 सदस्य नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। टीम सीधे अभियंत्रण विभाग गई और करीब सवा घंटे तक दस्तावेजों की पड़ताल की। ब्लैकलिस्ट किए गए ठेकेदारों से संबंधित फाइलें देखने के साथ टीम ने यह भी जानकारी ली कि नगर निगम में टेंडर कैसे जारी होते हैं, ठेकेदार किस तरह आवेदन करते हैं और प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम का आवंटन किस आधार पर किया जाता है।

कानपुर नगर निगम में एसआईटी अभियंत्रण कार्यालय पूछताछ के लिए पहुंची।
कर्मचारियों से पूछताछ की
एसआईटी के पहुंचने के दौरान मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। ऐसे में टीम ने विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से जरूरी दस्तावेज और जानकारी जुटाई। हालांकि जांच को लेकर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी कुछ भी बोलने से बचते रहे। वहीं एसआईटी अब जोन-4 और जोन-5 में भी जांच कर रही है।
अफसरों को साथ लेकर प्लांट पर पहुंची टीम
दस्तावेजों की पड़ताल के बाद शाम को एसआईटी अधिशासी अभियंता आरके सिंह और अवर अभियंता कमलेश पटेल को साथ लेकर एफआईआर में नामजद ठेकेदारों के हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण करने गई। यहां प्लांट की स्थिति के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 अगस्त को नगर निगम में टेंडर धांधली और जबरन टैक्स वसूली के मामलों पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया और जांच शुरू हुई। 26 अगस्त को अवकाश के बावजूद अभियंत्रण विभाग खोला गया था। उस दिन एसआईटी ने करीब पांच घंटे तक फाइलें खंगालने के साथ अधिकारियों से जानकारी जुटाई थी।
