Jalaun News: पुलिस ने लूट और डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, ताला तोड़ने के औजार, छह मोबाइल फोन और 1,950 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से मिले दो चारपहिया वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।

शनिवार को रामपुरा थाना प्रभारी कृष्णपाल सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 नवंबर की रात वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रामपुरा-माधौगढ़ मार्ग पर ग्राम भीखमपुरा के पास रानू कुशवाहा के बगीचे के नजदीक पांच संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुनसान स्थान पर एकत्र होकर लूट और डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज राईन, अंशु तिवारी, समीर राईन, मोहम्मद सफीक राईन उर्फ कल्लू और राज उर्फ छोटू के रूप में हुई है। इनमें से चार आरोपी कोंच के मालवीय नगर के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम करमचंदपुर का रहने वाला है।

तलाशी के दौरान पुलिस को 315 बोर के दो तमंचे, चार कारतूस, लोहे का कटर, सब्बल, प्लास, हथौड़ी, पेचकस और लोहे की सरिया सहित अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी और ताले तोड़ने के लिए इन औजारों का इस्तेमाल करने की तैयारी में थे।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, रामप्रकाश सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।



Source link