Wife's Dance Trigger Marital Disputes, Two Agra Couples Reach Family Counselling Centre

डीजे पर डांस
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सात जन्मों तक साथ निभाने के संकल्प के साथ लिए गए सात फेरे की डोर छोटे-छोटे विवादों और अहंकार के चलते सालभर में ही कमजोर होकर टूटने लगी है। ऐसे ही दो मामले परिवार परामर्श केंद्र में देखने को मिले। पत्नी के देवी जागरण में डांस करने और चाय देने में देरी होने मात्र से रिश्तों में दरार पड़ गई। मनमुटाव इतना गहरा हो गया है कि काउंसलरों की तमाम कोशिशों के बाद भी दोनों दंपतियों के रिश्तों की गाड़ी पटरी पर नहीं लौट सकी।


मामला 1: जागरण में पत्नी के डांस से भड़के पति ने छोड़ा हाथ

धनौली के रहने वाले एक युवक की शादी 18 नवंबर 2025 को रुनकता की युवती से हुई थी। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन मोहल्ले में देवी जागरण के दौरान पत्नी के डांस करने पर पति भड़क गया। गुस्से में पत्नी की पिटाई कर दी, जिसके बाद मायके वाले युवती को अपने साथ घर ले गए और मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। दो तारीखों के बाद काउंसिलिंग के दौरान दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पत्नी दोबारा ससुराल आई। कुछ दिन बाद घर में जन्मदिन उत्सव के दौरान नृत्य करने पर युवक ने फिर से पत्नी को पीट दिया। इनका विवाद दोबारा परिवार परामर्श केंद्र की देहरी पर आ गया। इस मामले की चौथी तारीख पर भी दोनों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका। काउंसलर ने मामले की अगली तारीख तय की है।

मामला 2: गुस्साई पत्नी ने काट डाले महंगे कपड़े

चमरौली के युवक और राजपुर चुंगी की युवती की शादी 4 नवंबर 2024 को हुई थी। शादी के बाद से ही घर में छोटी-छोटी बातों पर इनके बीच कहासुनी और कलह शुरू हो गई। एक दिन युवती को समय पर चाय न मिलने पर विवाद इतना बढ़ा कि शादी में मिले महंगे सूट और साड़ियों को कैंची से काट डाला। युवती छत से कूदकर मायके चली गई। ससुराल पक्ष के खिलाफ उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज करा दी। मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया। सातवीं तारीख में भी दोनों पक्षों में सुलह की कोशिशें नाकाम रहीं। जिसके बाद यह मामला अब कोर्ट पहुंच गया।

परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी प्रीता ने बताया कि केंद्र में काउंसलर दो से तीन तारीखों में दंपतियों के बीच समझौते का प्रयास करते हैं। सहमति न बनने और सुलह की गुंजाइश दिखने पर अगली तारीख दी जाती है, नहीं तो मामला कोर्ट पहुंचता है। 



Source link

अभी अभी की खबरें