जागरण संवाददाता, हाथरस। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गंगौली रेलवे फाटक के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह नौ बजे की बताई जा रही है। युवक को गंभीर हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजस्थान में नौकरी करता था राम प्रवेश
एटा जिले के जलेसर कोतवाली क्षेत्र के पवरा गांव निवासी 32 वर्षीय रामप्रवेश पुत्र भीकम सिंह राजस्थान में नौकरी करता था। उसकी शादी पांच साल पहले हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। वह कुछ दिन पहले ही घर आया था। परिजनों के अनुसार वह सामान्य रूप से रह रहा था, लेकिन सोमवार रात की घटना ने सब कुछ बदल दिया। स्वजन के मुताबिक, सोमवार रात रामप्रवेश का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गया।
विवाद के बाद उठाया उसने कदम
परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। रेलवे फाटक के पास युवक को गंभीर हालत में देखकर लोगों ने सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
