जागरण संवाददाता, मेरठ। बिल्डर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोपित कुख्यात उधम सिंह पुलिस की पकड़ से दूर है। उधर, उसकी पार्टी करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में उधम सिंह बेखौफ होकर पार्टी करता नजर आ रहा है।
इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एक तरफ पुलिस टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उसकी खुलेआम गतिविधियों ने पुलिस की निगरानी और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उधम सिंह की बेखौफी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह हाल ही में मेरठ में करीब एक सप्ताह तक रहा। इस दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में अपनी पहली पत्नी पुष्पा का उपचार कराया। वह कार से शहर में घूमता रहा और अस्पताल में पत्नी के साथ मौजूद रहा।
अस्पताल पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस और एलआइयू को उसकी मौजूदगी की भनक तक नहीं लगी। अब पार्टी करते हुए उसकी तस्वीरें प्रसारित होने के बाद उसकी तलाश में जुटी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल, सरूरपुर के करनावल निवासी उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर एसआर डेवलपर्स के साझेदार अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा के मुताबिक, सात सितंबर को वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे। अशोक की लाट के पास दो गाड़ियों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी। विरोध करने पर उनकी कार की तरफ फायरिंग भी की गई।
इसके बाद एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक अंकुर शर्मा के कार्यालय पहुंचे और एक लिफाफा देकर चले गए। दो नवंबर को लिफाफा खोलने पर उसमें जिंदा कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला। इसके बाद बिल्डर ने पुलिस को शिकायत दी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद उधम सिंह जनपद से बाहर चला गया था। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे मिलने के बाद वह मेरठ पहुंचा था। जांच में उसकी मेरठ में मौजूदगी की जानकारी सामने आई। अब उसकी पार्टी करते हुए तस्वीरें वायरल होने से पुलिस के सामने उसकी लोकेशन और गिरफ्तारी को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कराने की संस्तुति की गई है। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम सिंह और उसके शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय से संबंधित वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
