हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर कला में विवाहिता प्रतिभा उर्फ पिंकी (24) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर पति सोनू समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, बुधवार की रात उस समय गांव में हड़कंप मच गया जब पोस्टमार्टम को शव ले जाने के बाद आधी रात को अचानक बंद पड़े आरोपियों के घर में रहस्यमयी परिस्थितियों में आग लग गई।
मौके पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को आक्रोशित लोगों ने रहरा हसनपुर मार्ग पर दोबारा जाम लगा दिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव तरारा निवासी शीशपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने तीन साल पहले अपनी बेटी पिंकी की शादी शाहपुर कला निवासी सोनू के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सोनू और उसके परिवार वाले अतिरिक्त दहेज के लिए पिंकी को प्रताड़ित कर रहे थे।
मंगलवार को आरोपियों ने पिंकी की हत्या कर दी और शव को चारपाई पर घर के दरवाजे के बाहर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सोनू समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
