Fatehpur: Motorcycle crashes into a stationary pickup truck amidst dense fog; young man crushed to death

ज्ञान सिंह की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला

घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़ी धान लदी पिकअप बाइक सवार के लिए जानलेवा साबित हुई। सचौली मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप में पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक पिकअप के नीचे जा घुसा और जैक गिरने से उसके नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


थाना क्षेत्र के उदई सराय गांव निवासी दशरथ लोधी का 19 वर्षीय पुत्र ज्ञान सिंह मुंबई में रहकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। नवरात्र में गांव आया था और मंगलवार को वापस मुंबई जाने की तैयारी में था। सोमवार सुबह वह अपनी रिश्तेदार दीपा देवी को लेने ज्वालागंज जा रहा था। दीपा बांदा से पढ़ाई कर लौट रही थी। सचौली मोड़ से पहले तेलीन गबिया के सामने घने कोहरे के कारण ज्ञान सिंह को सड़क किनारे खड़ी धान लदी पिकअप दिखाई नहीं दी।

पिकअप का एक टायर पंचर था। चालक जैक लगाकर टायर खुलवाने गया हुआ था। इसी दौरान बाइक पीछे से पिकअप में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का जैक गिर गया और युवक वाहन के नीचे दब गया। हादसे में ज्ञान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता दशरथ, भाई रोहित, हिमांशु समेत परिजन में मातम छा गया। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link