जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। वार्ड छह आजाद नगर में लाखों की धनराशि से बनी सड़क में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ठेकेदार ने चार के स्थान पर एक इंची सीसी बिछा कर सड़क बना डाली। भाजपा पार्षद ने हथौड़ा लेकर सड़क खोदी तो मोटाई कम होने की बात सामने आ गई। नगर आयुक्त ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है। वहीं मुख्य अभियंता ने कार्य स्थल का निरीक्षण करने के बाद फर्म पर 70 हजार का जुर्माना लगा दिया है।
नगर निगम में ठेकेदारों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही। यही वजह है कि आए दिन इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं।

वार्ड छह में सड़क के घटिया निर्माण को लेकर मामला सोमवार को गरमा गया है। राज्य वित्त आयोग से आजाद नगर में रामविलास वाली गली का निर्माण कराया गया है।

वार्ड छह आजाद नगर में चार के स्थान पर एक इंच बिछाई सीसी

ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण को लेकर निरंतर शिकायत हो रही थी। सुबह पार्षद ऊषा देवी शंखवार खुद ही हथोड़ा लेकर मौके पर पहुंचीं और सड़क खोदने शुरू किया। इससे सीसी की मोटाई सबके सामने आ गई। पार्षद का कहना है कि चार की जगह मात्र एक इंच ही सड़क बिछाई गई है। उन्होंने पहले भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।

एक सप्ताह में दोबारा सड़क न बनने पर दर्ज कराई जाएगी प्राथमिकी

नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने बताया कि पार्षद की शिकायत पर मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। इस मामले की विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फर्म को काली सूची में डालने की होगी कार्रवाई

मुख्य अभियंता आरके सिंह ने बताया कि आजाद नगर में खराब गुणवत्ता सड़क बनाने पर ठेकेदार 70 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। एक सप्ताह में मानक के अनुरूप दोबारा सड़क न बनाने पर फर्म काे काली सूची में डालने के साथ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।



Source link

अभी अभी की खबरें