उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड के उरई-भुआ सेक्शन में रिनियां रेलवे क्रॉसिंग नंंबर 179 पर रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक चल रहे ट्रैक मरम्मत कार्य से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्रॉसिंग बंद रहने के कारण अजनारी रोड रेलवे क्रॉसिंग नंबर 181 पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। सहालग के दौरान यहां लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है।
रिनियां क्रॉसिंग पर उचित दूरी पर बैरिकेडिंग नहीं लगाए जाने से राहगीर सीधे क्रॉसिंग तक पहुंच जाते हैं। रास्ता बंद मिलने पर उनकी कर्मचारियों से कहासुनी हो रही है। रविवार रात भी कर्मचारियों और राहगीरों के बीच विवाद हुआ। रास्ता बंद होने से एंबुलेंस समेत कई वाहनों को लौटना पड़ा। रिनियां और बड़ागांव के किसानों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहिया वाहन तक नहीं निकल पा रहे हैं। वाहनों के अजनारी रोड की ओर मुड़ने से वहां भी जाम लग गया।
सात किमी घूमकर जाना पड़ा
बड़ागांव निवासी किसान मानवेंद्र ने बताया कि वह उरई से बाइक पर सामान लेकर गांव लौट रहे थे। रिनियां क्रॉसिंग बंद मिलने और बैरिकेडिंग न होने के कारण वह सीधे वहां पहुंच गए। इसके बाद करीब सात किलोमीटर घूमकर अजनारी रोड से जाना पड़ा। वहां भी जाम में फंसने के बाद देर रात गांव पहुंच सके।
सुबह बाइक लेने पहुंचे
रिनियां निवासी होटल संचालक शिवम कौशिक ने बताया कि भुआ गांव से लौटते समय क्रॉसिंग बंद मिलने पर बाइक सड़क किनारे खड़ी कर पैदल घर जाना पड़ा। सुबह क्रॉसिंग खुलने पर बाइक लेने पहुंचे। उन्होंने उचित दूरी पर बैरिकेडिंग लगाने की मांग की।
वर्जन
काम तेजी से कराया जा रहा है। दिन के बजाय रात में काम कराया जा रहा है। अब केवल एक दिन का काम शेष है। इसके पूरा होते ही लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ झांसी मंडल
ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के लिए सांसद ने डीआरएम को लिखा पत्र
उरई। झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते झांसी-कानपुर रेलखंड की कई ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन और भीड़ के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए सांसद नारायण दास अहिरवार ने सोमवार को झांसी मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार को पत्र लिखकर झांसी-लखनऊ इंटरसिटी और झांसी-लखनऊ पैसेंजर में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की है।
सांसद ने पत्र में कहा कि झांसी स्टेशन पर मरम्मत कार्य के चलते ग्वालियर-बरौनी छपरा मेल का संचालन पिछले 40 दिनों से झांसी-कानपुर रेलखंड पर नहीं हो रहा है। इससे उरई, कालपी और पुखरायां के यात्रियों को कानपुर और लखनऊ पहुंचने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने मांग की कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक दोनों ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके। (संवाद)
