बरेली शहर की निगरानी के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए आधुनिक सीसीटीवी कैमरे बंदरों के उत्पात से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बंदर कई बार कैमरों वाले पोल पर चढ़ जाते हैं और उसे हिलाते हैं। इससे कैमरों का एंगल बदल जाता है। कई बार ये तार नोच देते हैं, जिससे कैमरे काम करना बंद कर देते हैं। इससे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से होने वाली लाइव मॉनिटरिंग बाधित होती है।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए 176 प्रमुख प्वाइंट पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के संचालन के लिए 1,352 पोल लगाए गए हैं। प्रमुख चौराहों, पॉश इलाकों और नगर निगम परिसर के आसपास बंदरों का उत्पात ज्यादा है। बंदरों की ओर से पोल हिलाए जाने से कैमरों की दिशा बदल जाती है और कई स्थानों पर नेटवर्क भी बाधित हो जाता है। नतीजा, आईसीसीसी से शहर पर नजर रखने वाली पुलिस टीम के सामने मुश्किलें पेश आती हैं।
इससे यातायात प्रबंधन, भीड़भाड़ और सुरक्षा व्यवस्था की लाइव फीड कई बार बाधित हो जाती है। स्मार्ट सिटी कंपनी के एसीईओ शशिभूषण राय का कहना है कि बंदरों ने कैमरों के कई पोल को नुकसान पहुंचाया है। स्मार्ट सिटी कंपनी से जुड़े तकनीकी अधिकारियों व कर्मचारियों को खराब हुए कैमरों व उनकी दिशा को बार-बार दुरुस्त करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
