बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र में साकेत नगर स्थित कन्हैया लाल परमेश्वरदीन मेमोरियल हाई स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा पांच से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के बनाए आकर्षक मॉडलों को देखकर अतिथियों और शिक्षकों ने उनकी सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य एवं आशुतोष कुमार दूबे ने यूरेका विज्ञान प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही उन्हें नई चीजें सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रदर्शनी में कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने अलार्म सिस्टम, स्मार्ट सिटी, वाटर व्हील और वाटर साइकिल के मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा छह के विद्यार्थियों ने न्यूरॉन की संरचना, लेजर होम सिक्योरिटी सिस्टम, न्यूक्लियर पावर प्लांट, ज्वालामुखी, हार्ट मॉडल, वाटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम, चंद्रयान-3, उत्सर्जन तंत्र और वायु प्रदूषण जैसे विषयों पर मॉडल बनाए।
इसी क्रम में कक्षा सात के विद्यार्थियों ने शहरी बाढ़ नियंत्रण, अम्लीय वर्षा, सुरक्षा प्रणाली, तंत्रिका तंत्र और प्रदूषित शहर के मॉडल प्रदर्शित किए। कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने नदी सफाई यंत्र, विद्युत उत्पादन, जल चक्र, सौर मंडल, पवन चक्की और जल प्रबंधन को दर्शाया। कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने वर्षा जल संचयन, जल शुद्धिकरण, पृथ्वी की परिक्रमण गति, वायु प्रदूषण नियंत्रण, हरित शहर, जल बांध, ऊर्जा रहित घर और हाइड्रोलिक पुल के मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं कक्षा दस के विद्यार्थियों ने कार्बन शुद्धिकरण, स्टेट पजल, जलविद्युत बांध और स्मार्ट सिटी के मॉडल से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रदर्शनी में चंद्रयान-3, हाइड्रोलिक ब्रिज, लेजर होम सिक्योरिटी सिस्टम और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उमरा अंसारी एवं उनकी टीम को प्रथम, साधना गुप्ता एवं उनकी टीम को द्वितीय तथा शुभम वर्मा एवं उनकी टीम को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। विजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन बच्चों में खोज, प्रयोग और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। इससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपस्थित अतिथियों को सम्मानित किया गया।
