मौदहा (हमीरपुर)। श्यामनाला नदी में अपने बेटे को बचाने के लिए कूदे चरवाहे का शव करीब 20 घंटे बाद रविवार को मिला। उसका शव घटनास्थल से 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। शनिवार दोपहर रपटा पार करते समय उसका 12 साल का बेटा तेज बहाव में बहने लगा था। पिता

.

यह घटना कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव की है। रामकिशोर उर्फ डगरु शनिवार दोपहर अपने 12 साल के बेटे मोहित के साथ श्यामनाला नदी किनारे बकरियां चराने गए थे। पिता-पुत्र नदी में बने रपटे को पार कर रहे थे। इसी दौरान मोहित का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा।

बेटे को डूबता देख रामकिशोर ने रपटे से नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने किसी तरह बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद नदी के बहाव में बह गए।

सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ टीम ने ग्रामीणों के साथ शनिवार देर रात तक नदी में खोजबीन की, लेकिन रामकिशोर का पता नहीं चला।

रविवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। करीब 10 बजे रपटे से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में रामकिशोर का शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तहसीलदार धनंजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटना का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।

ग्राम प्रधान प्रभात यादव ने बताया कि रामकिशोर के दो बेटे और एक 18 साल की बेटी है। उसके हिस्से में करीब डेढ़ बीघा जमीन थी। परिवार चलाने के लिए वह गांव में मजदूरी और चरवाही करता था।



Source link

अभी अभी की खबरें