कालीन नगरी के रूप में दुनिया भर में पहचान रखने वाला भदोही अब पारंपरिक कालीन उद्योग के साथ आधुनिक औद्योगिक निवेश, कॉर्पोरेट कारोबार, तकनीकी नवाचार और रोजगार सृजन का भी केंद्र बन सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकास संबंधी सोच के तहत भदोही को ”कारपेट से कॉर्पोरेट” जिला बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बातें मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र फिल्मसिटी के पूर्व उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने सोमवार को भदोही में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच उत्तर प्रदेश के शहरों और जिलों को उनकी पारंपरिक पहचान के साथ आधुनिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने की है। भदोही के पास हुनर, उद्यमशीलता, अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान और मेहनतकश कारीगरों की पीढ़ियों का अनुभव है। जरूरत इन खूबियों को आधुनिक औद्योगिक ढांचे, निवेश और वैश्विक कारोबारी नेटवर्क से जोड़ने की है।
उन्होंने कहा कि भदोही का कालीन उद्योग देश की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक सामर्थ्य का प्रतीक है। यहां के कारीगरों के हाथों में केवल धागे नहीं, बल्कि भारतीय शिल्पकला की प्रतिष्ठा और रोजगार की संभावनाएं भी हैं। हालांकि, बदलते वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए पारंपरिक उत्पादन के साथ डिजाइन, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स और निर्यात प्रबंधन को भी मजबूत करना होगा।
