जागरण संवाददाता, लखनऊ। UP Weather: यूपी में अब सर्दी की दस्तक के साथ ही कोहरा भी आ चुका है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज यानि सोमवार से घना कोहरा छा सकता है, इससे सुबह के समय वातावरण में धुंध की परत बनी रह सकती है। दृश्यता कम होने के साथ सुबह की धूप भी प्रभावित हो सकती है।
यूपी के मौसम में अब बदलाव का दौर है। धूप के तेवर कम हो रहे हैं और हल्की गुलाबी ठंडक हवा ठिठुरन का अहसास करा रही है। अब कोहरा छाने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। यूपी में इसका असर सुबह और रात के समय अधिक दिखाई दे सकता है।
पूर्वी जिलों में घने कोहरे की वजह से सुबह और रात को 100-200 मीटर दृश्यता हो सकती है। वहीं, राजधानी लखनऊ में मध्यम कोहरे के चलते दृश्यता 200 मीटर पहुंच सकती है।
रविवार को ऐसा रहा प्रमुख शहरों का तापमान
रविवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 75 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत रही। एक बार फिर से यूपी में हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। वहां न्यूनतम पारा 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या में 13.0, कानपुर शहर में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में न्यूनतम तापमान 12.1, नजीबाबाद में 12.4, बरेली में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आज इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे अयोध्या, बहराइच, सुल्तानपुर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं। वहीं बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर रादाबाद, रामपुर और शाहजहांपुर में भी कोहरा का अलर्ट है। इसके साथ ही रात के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट से ठंड का असर भी बढ़ने की संभावना है। सुबह और शाम की ठिठुरन और बढ़ सकती है।
