बिल्सी। कछला-शाहाबाद हाईवे पर गांव अंबियापुर के निकट सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार चंदौसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर नगला निवासी धर्मवीर उर्फ नन्हे (30) पुत्र देवराज और मोनू पुत्र राजेंद्र सोमवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से बिसौली की ओर जा रहे थे। हाइवे पर स्थित गांव अंबियापुर से निकलते ही उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। धर्मवीर की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया, जबकि मोनू को परिजन चंदौसी के निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान धर्मवीर ने दम तोड़ दिया। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद
