जसवंतनगर। क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार शाम ग्राम कैस्त के सामने हाईवे किनारे स्थित एक होटल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में हर वर्ग परेशान है। लगातार किए जा रहे वादे पूरे नहीं हो रहे हैं और जनता की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा झूठे वादों के सहारे सत्ता में आई है, लेकिन अब जनता सब कुछ समझ चुकी है। समय आने पर जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने 22 से 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन नगरीय क्षेत्रों में करीब 12 से 14 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी चार से पांच घंटे बिजली मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिजली के बिल बढ़ने के साथ ही चेकिंग के नाम पर गरीब परिवारों के उत्पीड़न की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। नहरों में सिंचाई के लिए पानी नहीं है और बिजली की समस्या के कारण ट्यूबवेल भी प्रभावित हैं। इससे किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

विधायक ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आगामी समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी। जनता की समस्याओं का समाधान कर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दौरान डॉ. ब्रजेश यादव, राहुल गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ सोनू यादव, अनिल प्रताप, सुभाष गुप्ता, अजेंद्र गौर, सांसद प्रतिनिधि हाजी समीम खां, जितेंद्र मोना यादव, सत्यनारायण शंखवार, विनोद यादव, रामवीर सिंह, विनय पांडेय और गोपाल गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं नगर सपा मीडिया प्रभारी आलोक उर्फ अभिषेक गांगलस ने सभी का आभार जताया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें