ग्वालियर में मजदूरी करने गए युवक यामीन (25) की मौत हो गई। परिजन ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए शाहगंज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मजदूरी के तीन लाख रुपये मांगने पर ठेकेदार ने हत्या की है।
न्यू ख्वासपुरा, शाहगंज निवासी यामीन ग्वालियर में ठेकेदार यूनुस के साथ फर्नीचर का काम करते थे। परिजन के अनुसार, यामीन की आर्थिक स्थिति खराब थी और वह शादी के लिए रकम जुटा रहे थे। उनकी शादी 22 अक्तूबर को होने वाली थी। यामीन ने तीन लाख रुपये ठेकेदार यूनुस के पास रखवा दिए थे। करीब 20 दिन पहले घर आने पर मां-पिता ने उसे ठेकेदार से रकम लेने को कहा था। इस पर वह ग्वालियर लौट गए थे।
इसके बाद 26 सितंबर को परिजन को यामीन की तबीयत खराब होने का फोन आया। इसके बाद भाई और रिश्तेदार ग्वालियर पहुंचे तो पता चला कि उसके साथ मारपीट हुई थी। यामीन को रॉड और डंडे से पीटा गया था। उसकी गर्दन, पीठ और हाथ की हड्डियां टूटी थीं। चेहरे और सिर पर भी चोट के निशान थे। उसे पहले ग्वालियर और जयपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाद में 2 अक्तूबर को उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया। रविवार को इलाज के दौरान यामीन की मौत हो गई। पिता अनवर ने बेटे की हत्या की तहरीर शाहगंज थाने में दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजन ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि ग्वालियर में घटना हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में चोट लगने से आया है। मामले में जीरो प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
