आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का निजामाबाद अपनी खास पहचान के लिए जाना जाता है. यहां बनने वाली ब्लैक पॉटरी और कारीगरों की कारीगरी ने अपनी अनूठी चमक के दम पर देश और दुनिया में खास पहचान बनाई है. इस कला की शुरुआत सदियों पहले बेहद सामान्य रूप में रोजमर्रा के इस्तेमाल के मिट्टी के बर्तन बनाने से हुई थी. आज यह कला न केवल पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है, बल्कि स्थानीय लोगों, महिलाओं और बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए अच्छी कमाई का जरिया भी बन गई है.

कारीगर जितेंद्र प्रजापति लोकल 18 से बताते हैं कि ब्लैक पॉटरी के बर्तन बनाने की परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है. यह कला लगभग 700 साल पुरानी है. यहां शुरुआत में कुम्हार परिवार मुख्य रूप से अचार रखने के मटके, पानी पीने के घड़े, दही जमाने की हांडी और चिकन हांडी जैसे छोटे-मोटे बर्तन बनाते थे. इन बर्तनों पर की जाने वाली खास कारीगरी और फिनिशिंग ने निजामाबाद को ब्लैक पॉटरी के लिए मशहूर कर दिया. इसकी सबसे बड़ी विशेषता बर्तनों पर दिखाई देने वाला प्राकृतिक काला रंग है. इसे बनाने में किसी कृत्रिम पेंट या मिलावट का इस्तेमाल नहीं किया जाता है, बल्कि पारंपरिक भट्टी में विशेष धुएं की तकनीक से इसे प्राकृतिक रूप से काला और चमकदार बनाया जाता है.

आधुनिक तकनीक से मिट्टी के बर्तन हो रहे तैयार

वे बताते हैं कि पुराने समय की तुलना में अब निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी की कारीगरी में जबरदस्त बदलाव आया है. पहले मिट्टी की कमी और संसाधनों के अभाव में यह कला विलुप्त होने के कगार पर पहुंच गई थी. कारीगर पत्थर के चाक को हाथ से घुमाकर घंटों की मेहनत के बाद बेहद कम बर्तन तैयार कर पाते थे. लेकिन, सरकार और जिला उद्योग कार्यालय के सहयोग से अब कारीगरों को टूल किट और इलेक्ट्रॉनिक चाक उपलब्ध कराए गए हैं. साथ ही, मिट्टी की समस्या भी दूर हुई है. यही, कारण है कि अब कारीगर आधुनिक तकनीक से मिट्टी के बर्तन बनाने का काम कर रहे हैं और करीब एक दिन में 8,000 दीये व आकर्षक फिनिशिंग वाले विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर लेते हैं.

विज्ञापन

महिलाएं भी बना रही ब्लैक पॉटरी 

इस ब्लैक पॉटरी उद्योग में केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रही हैं. इस उद्योग से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जुड़कर रोजगार शुरू कर रही हैं. साथ ही अपने क्षेत्र और गांव की अन्य महिलाओं को भी जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही हैं. समय के साथ हुए इस बदलाव से कारीगरों और व्यापारियों, दोनों को बड़ा लाभ हुआ है. पहले जो कारीगर 100 से 200 रुपये की दिहाड़ी के लिए 12 घंटे तक प्रदेश में मजदूरी करते थे, वे आज अपने घर और परिवार के साथ रहकर 6 से 8 घंटे काम करके हजारों रुपये की कमाई कर लेते हैं.

ब्लैक पॉटरी को मिली विशेष पहचान 

सरकार की ओर से ब्लैक पॉटरी को एक जिला एक उत्पाद (ODOP) में शामिल किए जाने के बाद यहां के कारीगरों और इस व्यवसाय को विशेष पहचान मिली है. सरकारी सहायता से कारीगरों और महिला समूहों को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गोरखपुर की प्रदर्शनियों में मुफ्त स्टॉल, यात्रा और रहने-खाने की सुविधा मिलती है. दूसरी ओर, मुंबई, कोलकाता और गुजरात के व्यापारी सीधे निजामाबाद पहुंचकर ट्रकों से यहां का सामान खरीदकर ले जाते हैं. इससे स्थानीय कारीगरों को सीधा फायदा पहुंच रहा है और यहां की कारीगरी की पहचान पूरी दुनिया में बन रही है.



Source link