जागरण संवाददाता, मेरठ। दादी के साथ दरगाह पर गई किशोरी का नौ दिन से पता नहीं चल सका है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो किशोरी एक मुस्लिम युवक के साथ जाती दिखाई दी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी डेढ़ वर्ष से आरोपित के संपर्क में थी।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग महिला 19 नवंबर को अपनी 17 वर्षीय पोती के साथ भूमिया पुल स्थित दरगाह पर गई थी। दादी दरगाह पर किसी कार्य में व्यस्त हो गई। इसी बीच किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में वहां से गायब हो गई। स्वजन ने किशोरी को सभी संभावित जगहों पर तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दरगाह के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो किशोरी एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी।

पुलिस ने पीड़ित स्वजन से पूछताछ की तो पता चला कि किशोरी समर उर्फ आजम के संपर्क में डेढ़ वर्ष से थी। पता चलने पर किशोरी को डांटा भी गया था। जिसके चलते किशोरी ने उससे बात करना बंद कर दिया था। पुलिस ने किशोरी का मोबाइल चेक किया तो दोनों के बीच प्रतिदिन रात में चेटिंग होना सामने आया। 19 नवंबर को भी दोनों के बीच कुछ चेटिंग हुई थी, जिसे बाद में डिलिट कर दिया गया था। थाना प्रभारी गौरव विश्नोई का कहना है कि आरोपित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link