गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी हॉस्टल में शुक्रवार सुबह बीटेक प्रथम वर्ष के 18 वर्षीय छात्र हर्ष सिसोदिया की मौत हो गई। वह हॉस्टल की छठी मंजिल से नीचे गिरा था। परिजनों ने कॉलेज के छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगाया है।
.
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि हर्ष, अरविंद सिसोदिया का बेटा था। वह सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे का रहने वाला था। उसने इसी साल जुलाई में आरकेजीआईटी में बीटेक प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
दोस्तों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हर्ष मोबाइल पर बात करते हुए तेजी से अपने कमरे से बाहर निकला। इसके बाद वह दूसरे टॉवर में स्थित मालवीय भवन हॉस्टल की छत पर पहुंचा और वहां से छठी मंजिल से छलांग लगा दी।
दोस्त उसे गंभीर हालत में संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गुलधर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा किया, लेकिन परिजनों ने शव का मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। वे शव लेकर सहारनपुर स्थित अपने घर चले गए।
शुक्रवार दोपहर बाद हर्ष का शव घर पहुंचा और अंतिम संस्कार किया गया। उसके पिता अर्जुन सिसोदिया ने आरकेजीआईटी के डीन हरि गोपाल गर्ग और प्रबंधक वीसी शर्मा को लिखित शिकायत दी।
पिता का आरोप है कि 5 नवंबर को कॉलेज के सात-आठ छात्रों ने हर्ष की रैगिंग की थी। उनका कहना है कि हर्ष इससे परेशान था और इसी वजह से उसने आत्महत्या की।
डीन और प्रबंधक ने शिकायत मिलने पर लिखित जांच कराने का आश्वासन दिया है। एसीपी जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, परिजनों ने अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
