विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका हाईस्कूल कसिया में जिला विज्ञान क्लब की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित भोजन और खाद्य पदार्थों में मिलावट के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लाल बाबू मौर्य ने कहा कि सफल जीवन के लिए स्वास्थ्य और स्वच्छता महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को इनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समझना चाहिए। तर्कशक्ति से ही नवाचार और नई तकनीक विकसित करने की क्षमता बढ़ती है।
—————————–
जल संरक्षण, संतुलित भोजन और प्लास्टिक के दुष्प्रभाव बताए
नेहरू ग्राम भारतीय डीम्ड यूनिवर्सिटी की विशेषज्ञ डॉ. किरन गुप्ता ने प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, जल संरक्षण और संतुलित भोजन की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को फास्ट फूड से दूर रहने की सलाह दी। वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज के डॉ. संजय श्रीवास्तव ने दूध, तेल, हल्दी और मसालों में मिलावट की पहचान के घरेलू तरीके बताए। साथ ही मधुमेह, रक्तचाप और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
पोस्टर प्रतियोगिता में नंदनी प्रथम, छवि द्वितीय और मीनाक्षी तृतीय रहीं। मॉडल प्रदर्शनी में प्रियल सोनी प्रथम, महक तिवारी द्वितीय और शिखा आनंद तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समन्वयक वसीम अहमद ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रधानाचार्या कविता सिंह ने आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान क्विज में सवालाें के सही जवाब देने से छात्रा को पुरस्कृत करते डीआईओ– फोटो : 1
