अयोध्या। पूजा पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अब तीन वन-वे विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें से दो ट्रेनें अयोध्या होकर गुजरेंगी और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर ठहरेंगी। इससे बिहार से अयोध्या आने-जाने वाले यात्रियों के साथ दिल्ली और पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 05531 दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल वन-वे विशेष ट्रेन 28 नवंबर को दरभंगा से रात 10:55 बजे रवाना होगी। यह जयनगर, सीतामढ़ी, नरकटियागंज, गोरखपुर और बस्ती होते हुए अगले दिन सुबह 10:30 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद 10:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद लखनऊ से कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए रात 9:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य और स्लीपर श्रेणी के कुल 22 कोच होंगे।
वहीं, गाड़ी संख्या 05599 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल वन-वे विशेष ट्रेन भी 28 नवंबर को रात 10 बजे सहरसा से रवाना होगी। यह सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सिवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, गोंडा और बाराबंकी होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से यह ट्रेन बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन रात 2:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसमें सामान्य और स्लीपर श्रेणी के कुल 14 कोच लगाए जाएंगे।
तीसरी विशेष ट्रेन गाड़ी संख्या 05595 सहरसा-अमृतसर वन-वे स्पेशल 30 नवंबर को दोपहर 1:35 बजे सहरसा से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 5:55 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, अंबाला कैंट, लुधियाना, फगवाड़ा और जालंधर सिटी होते हुए रात 10:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसमें सामान्य और स्लीपर श्रेणी के कुल 11 कोच होंगे।
