बाराबंकी के देवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजगना में शनिवार सुबह 19 वर्षीय युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस ने उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा और परिजनों को सौंप दिया।
.
युवती फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात मां से कहासुनी के बाद उसे डांट पड़ी थी। इससे नाराज होकर वह शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटी लेकर घर से निकली।

वह घर से करीब आठ किलोमीटर दूर बाराबंकी-जाहांगीराबाद मार्ग पर अजगना ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसे टंकी पर देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। एक दुकानदार ने डायल 112 को सूचना दी।
सूचना पर डायल 112 और जहांगीराबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती से बातचीत कर उसे समझाया। काफी देर बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। इस दौरान सड़क पर सैकड़ों लोग जमा थे।

जहांगीराबाद थाना प्रभारी राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
