hreat to blow up Etawah railway junction sparks panic; FIR registered

धमकी से रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित इटावा रेलवे जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इससे रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे यह धमकी दी गई। स्टेशन मास्टर के वीएचएफ सेट पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बम होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अलर्ट हो गईं। डॉग स्क्वायड और जिला पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंची।




पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीमों ने एंटी एक्सप्लोसिव टीम के साथ तलाशी अभियान शुरू किया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 सहित स्टेशन के अन्य प्लेटफॉर्म और यात्री प्रतीक्षालय की जांच की गई। करीब तीन घंटे तक चले अभियान में कोई बम या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बम निरोधक दस्ते के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ऑन ड्यूटी स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर जीआरपी थाने में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अब वीएचएफ सेट पर कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर रही है। धमकी किसने और किन परिस्थितियों में दी, इसकी जांच जारी है।



Source link