{“_id”:”6b0c74a378631c9bbe08bfc5″,”slug”:”sleeper-bus-overturns-on-jhansi-kanpur-highway-over-70-passengers-injured-2026-11-30″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 70 से अधिक यात्री घायल… 25 को मेडिकल कॉलेज भेजा”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

हादसे के बाद…
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कानपुर से राजकोट जा रही स्लीपर बस रविवार रात बड़ागांव क्षेत्र में सीमेंट फैक्टरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 80 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस के नीचे यात्री दब गए। उनके बीच चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चार एंबुलेंस से 25 घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, बस रविवार शाम करीब चार बजे कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से रवाना हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर बड़ागांव स्थित सीमेंट फैक्टरी के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्री अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।
कुछ ही देर में बड़ागांव थाना पुलिस और सीओ सदर सिमरन सिंह मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को चार एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग राजकोट और आसपास के क्षेत्रों में काम करते हैं।
हादसे के बाद पुखरायां निवासी आशीष शुक्ला बस के अंदर काफी देर तक फंसा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत की लेकिन सफल नहीं हो सके। फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। सीओ सदर सिमरन सिंह का कहना है कि घायलों को बाहर निकाला जा रहा है।
हाईवे बंद, दूसरे रास्ते पर लगा जाम
हादसे के बाद पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक दिया। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला जाने लगा। इससे वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
