Man Dies After Bike Hits Electric Pole While Returning from Wedding

युवक की मौत
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

मथुरा के चौमुहां क्षेत्र में थाना जैंत के अंतर्गत रामताल के पास देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव बाटी, थाना जैंत के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र गांव नारायणपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और देर रात अपनी बाइक से गांव बाटी लौट रहे थे। इसी दौरान रामताल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

रात का समय होने के कारण घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं मिल सकी। सुबह जब राहगीरों ने खंभे के पास क्षतिग्रस्त बाइक और युवक का शव देखा, तो उन्होंने तुरंत थाना जैंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

इस हादसे की खबर से मृतक वीरेंद्र के परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें